JAGDALPUR NEWS. बस्तर के रेल यात्रियों की मुश्किलें अभी कम होने वाली नहीं हैं। किरंदुल-कोत्तावालसा (केके) रेललाइन के कोरापुट रेलखंड को बहाल करने में अभी कुछ और दिन लगेंगे। इसे देखते हुए रेलवे ने बस्तर से चलने वाली कई यात्री ट्रेनों के रद और आंशिक संचालन की अवधि बढ़ाकर 28 अक्टूबर तक कर दी है। इससे पहले ट्रेनों को 21 अक्टूबर तक रद रखने का निर्णय लिया गया था।
दरअसल, ओडिशा में सितंबर के दौरान हुई भारी बारिश के कारण कोरापुट रेलखंड में रेल यातायात प्रभावित हुआ था। 23 से 26 सितंबर के बीच मल्लीगुड़ा, क्षत्रीपुट और जरती के बीच चार स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे रेललाइन को भारी नुकसान पहुंचा। इसके बाद से ही रेलवे की ओर से मरम्मत और बहाली का काम किया जा रहा है, लेकिन नुकसान अधिक होने के कारण ट्रेनों का परिचालन सामान्य करने में समय लग रहा है।
28 अक्टूबर तक रद रहेंगी ये ट्रेनें
रायगढ़ा रेलमंडल मुख्यालय की ओर से सोमवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, विशाखापट्टनम-किरंदुल एक्सप्रेस और राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस 28 अक्टूबर तक रद रहेंगी। ट्रेनों के रद रहने की अवधि बढ़ने से बस्तर से दूसरे शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
कोरापुट-जगदलपुर के बीच बंद रहेगी रेल सेवा
रेलवे के अनुसार, 28 अक्टूबर तक हावड़ा-जगदलपुर समलेश्वरी एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-जगदलपुर हीराखंड एक्सप्रेस और विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर ट्रेन का संचालन कोरापुट तक ही किया जाएगा। इसी तरह 58502 किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर ट्रेन भी कोरापुट तक चलेगी। इस दौरान कोरापुट और जगदलपुर के बीच यात्री रेल सेवा बंद रहेगी। रेललाइन की मरम्मत पूरी होने और मार्ग बहाल होने के बाद ही ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो सकेगा। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति रेलवे से जांच लेने की सलाह दी जाती है।