HYDERABAD NEWS. सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘Rent Boyfriend’ जैसे ऑफर दिखाई दे रहे हैं। इनमें लड़कियों और महिलाओं को कॉफी, फिल्म या शॉपिंग के लिए किसी हैंडसम युवक के साथ समय बिताने का ऑफर दिया जाता है। देखने में ये ऑफर भले ही आकर्षक लगें, लेकिन इनके पीछे साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग का खेल हो सकता है। हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने इसे लेकर युवतियों को सावधान किया है।
आकर्षक ऑफर देकर बनाया जा रहा निशाना
पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर कर इस तरह के ऑफर्स से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी महिलाओं को आकर्षक ऑफर देकर संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। इन ऑफर्स में कुछ समय के लिए ‘बॉयफ्रेंड’ की सुविधा देने, साथ में कॉफी पीने, फिल्म देखने या शॉपिंग करने जैसे दावे किए जाते हैं। कई पोस्ट में डिस्काउंट का लालच भी दिया जाता है। पुलिस ने इसे एक तरह का ‘डेटिंग ट्रैप’ बताया है।
‘50% OFF’ का लालच, फिर मांगे जाते हैं पैसे
सज्जनार ने एक ऐसे पोस्टर का भी जिक्र किया, जिसमें ‘1st August Special – 50% Off’ जैसा ऑफर दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, ऐसे ऑफर्स का मकसद लोगों को जल्दी से जल्दी संपर्क करने और भुगतान करने के लिए आकर्षित करना हो सकता है। संपर्क करने के बाद सुरक्षा जमा, एडवांस या बुकिंग कन्फर्म करने के नाम पर पैसे मांगे जा सकते हैं। भुगतान होने के बाद आरोपी नंबर ब्लॉक कर देते हैं या संपर्क करना बंद कर देते हैं।
AI से बनी तस्वीरों का भी इस्तेमाल
इस पूरे खेल में एक और बात चिंता बढ़ाने वाली है। पुलिस के मुताबिक, इन ऑफर्स में जिन युवकों की तस्वीरें दिखाई जाती हैं, वे जरूरी नहीं कि असली हों। कई बार AI से बनाई गई तस्वीरों या इंटरनेट से उठाई गई फोटो का इस्तेमाल किया जा सकता है। यानी सोशल मीडिया पर दिखाई दे रही तस्वीर और सामने मौजूद व्यक्ति एक ही हो, यह जरूरी नहीं है।
ठगी के बाद ब्लैकमेलिंग का खतरा
पुलिस का कहना है कि मामला सिर्फ पैसे की ठगी तक सीमित नहीं रह सकता। संपर्क के दौरान साइबर अपराधी फोन नंबर, निजी तस्वीरें या दूसरी व्यक्तिगत जानकारी हासिल कर सकते हैं। बाद में इसी जानकारी का इस्तेमाल धमकी देने या ब्लैकमेल करने के लिए किया जा सकता है। इसलिए किसी अनजान व्यक्ति को निजी तस्वीरें भेजने या अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचना जरूरी है।
అమ్మాయిలూ.. రెంట్ బాయ్ఫ్రెండ్ ఆఫర్ల వల.. జాగ్రత్త!!
“ఒంటరితనంతో బాధపడుతున్నారా? మీతో కాఫీ తాగడానికి, సినిమాకెళ్లడానికి అందమైన అబ్బాయి కావాలా? అది కూడా 50 శాతం ఆఫర్లతో!”.. సోషల్ మీడియాలో రకరకాల ఆఫర్ల పేరుతో కలర్ఫుల్గా కనిపిస్తున్న ఈ పోస్టర్ల వెనుక పెద్ద సైబర్ మోసం దాగి ఉంది.… pic.twitter.com/E7O1mgwUip
— V.C. Sajjanar, IPS (@SajjanarVC_IPS) August 8, 2026
पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील
हैदराबाद पुलिस ऐसे फर्जी ऑनलाइन ऑफर्स पर नजर रख रही है। पुलिस कमिश्नर ने महिलाओं और युवतियों के साथ-साथ उनके परिवारों से भी सोशल मीडिया और स्मार्टफोन के इस्तेमाल को लेकर जागरूक रहने की अपील की है। अगर किसी को ऐसा संदिग्ध ऑफर मिलता है या ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाया जाता है, तो चुप रहने के बजाय तुरंत साइबर क्राइम पुलिस से संपर्क करना चाहिए।