GWALIOR NEWS. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक महिला द्वारा अपने एक्स बॉयफ्रेंड पर कैंची से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में 40 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके शरीर पर 8 से 9 गहरे घाव बताए जा रहे हैं। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना कंपू थाना क्षेत्र की ललितपुर कॉलोनी की है। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
ढाई साल तक रिलेशनशिप में थे दोनों
घायल युवक की पहचान धर्मेंद्र प्रजापति के रूप में हुई है, जो ललितपुर कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। पुलिस के मुताबिक, धर्मेंद्र और आरोपी महिला प्रीति प्रजापति करीब ढाई साल तक रिलेशनशिप में थे। बताया जा रहा है कि महिला के पहले पति बालवीर प्रजापति की मौत हो गई थी, जिसके बाद वह धर्मेंद्र के संपर्क में आई थी। कुछ समय बाद महिला ने धर्मेंद्र से संबंध खत्म कर सिकंदर कंपू निवासी सोनू यादव से शादी कर ली। आरोप है कि शादी के बाद भी धर्मेंद्र महिला से संपर्क बनाए हुए था और उसे परेशान कर रहा था।
पति को भेज दिए निजी ऑडियो-वीडियो, घर पहुंचकर किया हमला
मामले में सामने आई जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र ने महिला और अपने बीच के निजी ऑडियो-वीडियो उसके पति सोनू यादव को भेज दिए थे। इसके बाद महिला और उसके पति के बीच विवाद हो गया। महिला का आरोप है कि धर्मेंद्र उसे ब्लैकमेल कर रहा था और उसके वैवाहिक जीवन में दखल दे रहा था। इसी बात से नाराज होकर महिला धर्मेंद्र के घर पहुंची। आरोप है कि घर में घुसते ही उसने धारदार कैंची से धर्मेंद्र पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
शोर सुनकर पहुंचे लोग, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
हमले के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल धर्मेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, उसके शरीर पर 8 से 9 गहरे घाव हैं और उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया
कंपू थाना पुलिस ने आरोपी महिला प्रीति प्रजापति को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में महिला ने धर्मेंद्र पर लगातार ब्लैकमेल करने और वैवाहिक जीवन में परेशानी पैदा करने का आरोप लगाया है।