ग्वालियर (मध्य प्रदेश): एक चौंकाने वाले तलाक मामले में एक महिला ने कोर्ट को गुमराह कर एकतरफा तलाक हासिल कर लिया। महिला ने अपने पति की सगी बहन (ननद) को ही दूसरी पत्नी बता दिया और फैमिली फोटो को दूसरी शादी की तस्वीर बताकर कोर्ट में पेश कर दिया।
ग्वालियर की रहने वाली महिला की शादी वर्ष 1998 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पति एक मार्केटिंग कंपनी में अधिकारी हैं, जिसकी वजह से उन्हें अक्सर शहर से बाहर रहना पड़ता था। इसी वजह से दोनों के बीच रिश्तों में दरार आ गई। वर्ष 2015 में महिला ने घर छोड़ दिया और अलग रहने लगी।
महिला तलाक चाहती थी, लेकिन पति इसके लिए तैयार नहीं था। तब महिला ने 2021 में फैमिली कोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है। सबूत के रूप में उसने एक फोटो पेश की, जिसमें पति अपनी बहन और अन्य परिवारजनों के साथ खड़ा था। महिला ने कोर्ट को बताया कि यह फोटो पति की दूसरी शादी की है और फोटो में दिख रही महिला उसकी सौतन (ननद) है।
कोर्ट को धोखा, एकतरफा फैसला
कोर्ट ने इस फोटो को अहम सबूत मानते हुए पति को एक पक्षीय घोषित कर दिया। पति को नोटिस का पता ही नहीं चला और कोर्ट ने महिला को तलाक की डिक्री दे दी। पति को इसकी जानकारी अप्रैल के पहले हफ्ते में तब हुई जब उसने कोर्ट रिकॉर्ड चेक किया। फोटो देखकर वह हैरान रह गया -जिसे उसकी पत्नी ने दूसरी पत्नी बताया था, वह उसकी अपनी सगी बहन थी।
पति की प्रतिक्रिया
पति ने बताया कि तलाक की सुनवाई के दौरान उसकी मां का निधन हो गया था, उसी का फायदा उठाकर पत्नी ने एकतरफा डिक्री हासिल कर ली। अब पति ने ग्वालियर हाईकोर्ट में इस एकतरफा तलाक की डिक्री को चुनौती दी है और पत्नी पर कोर्ट को धोखा देने का गंभीर आरोप लगाया है।यह मामला पूरे ग्वालियर में चर्चा का विषय बना हुआ है। हाईकोर्ट अब इस मामले में अंतिम फैसला करेगा।




