GHAZIABAD NEWS. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के इंद्रापुरी में प्रेम संबंधों के विवाद में 28 वर्षीय शादीशुदा महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि फेसबुक के जरिए शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंधों में बदल गई। इसके बाद किसी बात को लेकर हुए विवाद में प्रेमी ने महिला के सिर पर ईंट से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय आरोपी का एक दोस्त भी कमरे में मौजूद था। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती, प्रेम संबंधों तक पहुंची बात
मृतका की पहचान पिंकी (28) निवासी अनूपशहर, जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है। वह अपने पति प्रमोद और दो बच्चों के साथ लोनी के इंद्रापुरी नंबर-दो स्थित नीलम फैक्टरी रोड पर किराये के मकान में रहती थी। उसका पति मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता है। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले पिंकी की फेसबुक और फोन के जरिए पिंटू नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और उनके बीच प्रेम संबंध बन गए। त्योहार के चलते पिंकी का पति प्रमोद अपने गांव बुलंदशहर गया हुआ था। इसी दौरान सोमवार देर शाम पिंकी अपने कथित प्रेमी पिंटू से मिलने उसके दोस्त आर्यन के कमरे पर पहुंची थी।
कमरे में पहले पी शराब, फिर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, पिंटू और उसके दोस्त आर्यन ने पिंकी के घर के पास ही एक कमरा किराये पर लिया हुआ था। दोनों करीब चार दिनों से वहां रह रहे थे। सोमवार को पिंकी उनसे मिलने कमरे पर पहुंची। बताया जा रहा है कि कमरे में तीनों ने पहले साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद पिंकी और पिंटू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पिंटू ने पास में रखी ईंट उठाकर पिंकी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कमरे से चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों को हुआ शक
वारदात के दौरान कमरे से चीख-पुकार सुनाई देने पर आसपास के लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। सोमवार रात करीब 8:54 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कमरे के अंदर पिंकी का शव जमीन पर पड़ा मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। महिला के सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। इसके बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रेमी और उसका दोस्त हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस ने इस मामले में पिंटू और उसके दोस्त आर्यन को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मृतका के पति और परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है। एसीपी अमरदीप मौर्य ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में फेसबुक और फोन के माध्यम से कुछ महीने पहले दोस्ती होने और बाद में आपसी विवाद की बात सामने आई है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
एसीपी के मुताबिक, परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह और वारदात में दोनों युवकों की भूमिका की जांच कर रही है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। वहीं, दो बच्चों की मां की हत्या से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।