छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जानकारी दी है कि प्रदेश में 5 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। ये कॉलेज मनेंद्रगढ़, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, गीदम (दंतेवाड़ा) और कुनकुरी (जशपुर) में बनाए जाएंगे। इस पहल से न केवल स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि छात्रों को बाहर जाने की जरूरत भी कम होगी।
मेडिकल शिक्षा को मिलेगा विस्तार
नई मेडिकल कॉलेजों के खुलने से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा का दायरा बढ़ेगा। अभी छत्तीसगढ़ में 10 सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें 1430 एमबीबीएस सीटें उपलब्ध हैं। 5 नए कॉलेज शुरू होने के बाद यह संख्या बढ़कर 15 हो जाएगी, वहीं एमबीबीएस सीटें 1430 से बढ़कर 1680 हो जाएंगी।
हर कॉलेज में 50 सीटें
प्रत्येक नए मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 50 सीटें होंगी। इस तरह कुल 250 नई सीटों का इजाफा होगा, जिससे प्रदेश के मेडिकल स्टूडेंट्स को बड़ा फायदा मिलेगा।
छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा का विस्तार अब नई गति पकड़ रहा है।
प्रदेश में 5 नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से चिकित्सा शिक्षा में सीटों का विस्तार होगा और साथ ही स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता भी सुदृढ़ होगी।
यह पहल न केवल भविष्य के चिकित्सकों को… pic.twitter.com/5OipRiLCzJ
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) April 8, 2026
निर्माण और भर्ती प्रक्रिया जारी
इन कॉलेजों के लिए भवन निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। साथ ही, सीजी पीएससी के माध्यम से 125 असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है। फैकल्टी नियुक्ति का काम भी तेजी से किया जा रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं में होगा सुधार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह पहल न सिर्फ भविष्य के डॉक्टर तैयार करेगी, बल्कि प्रदेश के दूर-दराज इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में भी मददगार साबित होगी। इससे स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं मजबूत होंगी।
मेडिकल कॉलेजों के साथ ही राज्य में 12 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज शुरू करने की भी तैयारी है, जिससे स्वास्थ्य क्षेत्र को और मजबूती मिलेगी।




