DRUG NEWS. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा (ONLINE CRICKET BETTING) संचालित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोहका इलाके में रूंगटा कॉलेज के पीछे एक मकान में ऑनलाइन सट्टे का पैनल चलाया जा रहा था। खास बात यह है कि इस पूरे नेटवर्क का संचालन मुख्य आरोपी के घर से किया जा रहा था। स्मृतिनगर पुलिस को इसकी सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच के साथ संयुक्त टीम ने मकान पर छापेमारी की। इस दौरान मौके पर काम कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 4 लाख 93 हजार रुपये नकद समेत बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप और सट्टे के कारोबार में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण जब्त किए हैं।
विनबज्ज एप के जरिए चल रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा
पुलिस के मुताबिक, कोहका स्थित मकान में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का पैनल संचालित किया जा रहा था। यहां विनबज्ज नामक एप के माध्यम से सट्टे का कारोबार चल रहा था।छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे करीब एक महीने पहले ही इस काम से जुड़े थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के जरिए कितने लोगों को सट्टे से जोड़ा गया था और इसका कारोबार किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है।
4.93 लाख कैश, 18 मोबाइल और 3 लैपटॉप जब्त
पुलिस की कार्रवाई में सट्टा कारोबार से जुड़े कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद हुए हैं। जब्त सामान में शामिल हैं:
- 4 लाख 93 हजार रुपये नकद
- 3 लैपटॉप
- 1 आईपैड
- 18 स्मार्ट मोबाइल फोन
- 22 एटीएम कार्ड
- 10 बैंक पासबुक
- 4 एयरटेल बैंक QR कोड स्कैनर
- 1 वाई-फाई डिवाइस
- 4 होंडा एक्टिवा स्कूटर
पुलिस के अनुसार, इन सामानों का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टे के संचालन और लेनदेन में किया जा रहा था।
मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार साहू की तलाश जारी
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि इस गिरोह का मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार साहू है। फिलहाल वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसके साथ इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें जेल भेज दिया है। वहीं, मुख्य आरोपी और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।