Dharma Swatantrya Bill 2026: छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार धर्मांतरण रोकने को लेकर सख्त कानून बनाने जा रही है. सोमवार से शुरू होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में साय सरकार धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 लाने वाली है. सूत्र बताते हैं कि गृह विभाग ने विस्तृत अध्ययन के बाद इसका पूरा मसौदा तैयार कर लिया है. विधेयक विधानसभा में पास होने के बाद राज्यपाल के पास जाएगा और राज्यपाल की मंजूरी के बाद कानून बन जाएगा.
Dharma Swatantrya Bill 2026
बताया जा रहा है कि राज्य सरकार ने धार्मिक स्वतंत्रता कानून बनाने के लिए ओडिशा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत नौ राज्यों के अधिनियम का अध्ययन किया है. सूत्र बताते हैं कि नए विधेयक में बिना सूचना के जबरिया धर्म परिवर्तन करने या करवाने पर 10 वर्ष तक की कठोर सजा का प्रावधान हो सकता है. साथ ही जबरन धर्मांतरण की व्याख्या भी स्पष्ट की जाएगी. सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित विधेयक का मुख्य लक्ष्य किसी भी तरह की जबरदस्ती, धोखाधड़ी, प्रलोभन या दबाव के माध्यम से किए जाने वाले धर्मांतरण को रोकना है. प्रस्तावित नया कानून वर्तमान छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की जगह लेगा.




