धमतरी में 146 हीरों की खेप जब्त, 10 लाख के माल के साथ 64 साल का शख्स गिरफ्तार
DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत के 146 हीरे जब्त किए हैं। मामले में 64 वर्षीय विनोद अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इन हीरों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर इन हीरों को साल 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया है।
ग्राहक तलाशते समय पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को बिरेझर चौकी और साइबर थाना की संयुक्त टीम अपराधों की पतासाजी और पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा है। उसके पास बहुमूल्य हीरे हैं और वह उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान विनोद अग्रवाल (64 वर्ष), निवासी के.के. वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई।
पॉलीथीन में छिपाकर रखे थे 146 हीरे
तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से पॉलीथीन में रखी नीले और फिरोजी रंग की झिल्ली में लिपटे 146 सफेद और चमकदार हीरे मिले। इनका कुल वजन 13.49 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने जब्त हीरों की अनुमानित कीमत 10 लाख 5 हजार रुपये आंकी है। हीरों के अलावा आरोपी के कब्जे से सैमसंग गैलेक्सी S21 FE 5G मोबाइल फोन, दो सक्रिय सिम कार्ड और 2,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, जब्त किए गए हीरे और अन्य सामान की कुल कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपये है।
2018 में पायलीखंड से चोरी करने का दावा
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान विनोद अग्रवाल ने इन हीरों को साल 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया है। बताया जा रहा है कि करीब आठ साल पुराने इस कथित चोरी के मामले से जुड़े हीरों को अब बेचने की कोशिश की जा रही थी। हालांकि, चोरी की पूरी घटना, हीरों के वास्तविक स्रोत और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि जांच एवं संबंधित साक्ष्यों के आधार पर की जानी बाकी है।
न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई
धमतरी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय, कुरूद के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।