रायपुर। मुख्यमंत्री VISHNU DEO SAI ने जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य के बहुमंजिला आवासीय भवनों, कोचिंग संस्थानों, होटलों, मॉल, लॉज और अन्य सार्वजनिक उपयोग के परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा और विशेष ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं। हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में हुई अग्नि दुर्घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव विकास शील ने सभी संभागीय आयुक्तों, जिला कलेक्टरों, नगर निगम आयुक्तों, मुख्य नगरपालिका अधिकारियों तथा अग्निशमन विभाग को विशेष निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं।
निरीक्षण के दौरान फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता, फायर एनओसी, आपातकालीन निकास मार्ग, भवन की संरचनात्मक सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्राथमिक उपचार सुविधा, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। साथ ही भवनों की क्षमता, पार्किंग व्यवस्था और आपदा की स्थिति में राहत एवं निकासी प्रबंधन की तैयारियों का भी परीक्षण होगा।
VISHNU DEO SAI ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित संस्थानों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं तथा गंभीर अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।