Chhattisgarh Weather Update: रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं, धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर, बिलासपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बदलते मौसम के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
रायपुर-बिलासपुर में तापमान 42 डिग्री के पार
Chhattisgarh Weather Update: पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में कोई विशेष बदलाव दर्ज नहीं किया गया। राजधानी रायपुर के माना क्षेत्र में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि बिलासपुर का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
सोमवार को आंधी और बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को रायपुर और बिलासपुर में अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ आंधी, धूल भरी हवाएं और बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
12 से 15 जून के बीच मानसून की एंट्री के संकेत
Chhattisgarh Weather Update: मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून के 12 से 15 जून के बीच छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने के संकेत हैं।

आमतौर पर मानसून बस्तर संभाग के सुकमा और बीजापुर जिलों के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करता है। इसके बाद 4 से 5 दिनों के भीतर रायपुर पहुंचता है और फिर उत्तर दिशा में बढ़ते हुए पूरे राज्य को कवर करता है।
Chhattisgarh Weather Update: लोगों और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को आंधी और बिजली गिरने के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है। विभाग ने तेज हवाओं और बारिश के दौरान पेड़ों तथा कमजोर संरचनाओं के आसपास जाने से बचने की अपील की है।