Chhattisgarh Tourism: कोरिया जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल झुमका डैम (Jhumka Dam) को राज्य सरकार की ओर से एक और बड़ी सौगात मिली है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (CM Vishu Deo Sai) ने सोमवार को झुमका डैम का दौरा किया और क्रूज में सवार होकर जलाशय के शांत एवं मनोरम वातावरण का आनंद लिया. चारों ओर फैली हरित पहाड़ियाँ, स्वच्छ जल और प्राकृतिक सौंदर्य को देखकर मुख्यमंत्री ने कहा कि झुमका डैम न केवल कोरिया जिले की पहचान है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक बड़ा पर्यटन केंद्र बनने की क्षमता रखता है.
27 लाख की लागत से बने ओपन थिएटर का लोकार्पण
अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय ने जलाशय किनारे बने नव-निर्मित ओपन थिएटर का भी लोकार्पण किया, जिसे लगभग 27 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है. इस ओपन थिएटर में करीब 500 दर्शकों के बैठने की क्षमता है. यह स्थल आगे चलकर पर्यटन गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय कलाकारों को मंच देने के लिए उपयोगी साबित होगा. स्थानीय लोगों ने इस पहल को कोरिया जिले के सांस्कृतिक विकास से जोड़कर देखा है.
कोरिया प्रवास के दौरान आज पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बैकुंठपुर के झुमका पर्यटन स्थल में निर्मित ओपन थिएटर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर झुमका जलाशय में बोटिंग, वाटर स्पोर्ट्स सहित विकसित विभिन्न पर्यटन सुविधाओं का अवलोकन किया।
चारों ओर हरियाली और कमल के फूलों की… pic.twitter.com/9jgJsQ0qYy
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) February 16, 2026
पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश
नौका विहार के दौरान मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्यटकों की सुरक्षा, स्वच्छता, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी तरह की कमी न रहे. उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है.
स्थानीय लोगों का उत्साह, लोकधुनों से उत्सव जैसा माहौल
मुख्यमंत्री के आगमन पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. पारंपरिक लोकधुनों और स्वागत गीतों की गूंज ने झुमका डैम क्षेत्र को उत्सव जैसा रंग दे दिया. इस मौके पर कृषि मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक भैयालाल राजवाड़े सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे. कार्यक्रम में संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी और एसपी रवि कुमार कुर्रे भी मौजूद थे. अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले में पर्यटन विकास को नई दिशा देगा और स्थानीय लोगों में सकारात्मक संदेश स्थापित करेगा.




