Chhattisgarh Road Accident गौरेला-पेंड्रा बायपास सड़क पर गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। मॉर्निंग वॉक के लिए निकली दो महिलाओं को तेज रफ्तार से आ रहे कैम्पर वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
Chhattisgarh Road Accident मृतकों की पहचान सुशीला वर्मा और बेला कली पंसारी के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं रोज की तरह सुबह टहलने निकली थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोरबा से कटनी कैमूर की ओर जा रहा कैम्पर वाहन अत्यधिक तेज गति से आ रहा था, जिसने उन्हें टक्कर मार दी।
Chhattisgarh Road Accident हादसे के बाद अनियंत्रित कैम्पर सड़क किनारे खड़ी एक बस से टकरा गया। वाहन चालक लल्लू और उसका एक साथी मौके से फरार हो गए, जबकि वाहन में सवार परिचालक संदीप यादव वाहन के अंदर फंस गया। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला।
Chhattisgarh Road Accident
घटना की सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस, यातायात पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल के मुर्दाघर में भेज दिया है। जीपीएम पुलिस फरार चालक लल्लू और उसके साथी की तलाश में आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चला रही है। मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।




