Advertisement Carousel

वर्दी की मर्यादा भूलकर डांस! लाइन अटैच के बावजूद नहीं थमा क्रेज, दूसरा पुलिस जवान वर्दी में डांस करते वायरल

बिलासपुर, 11 अप्रैल 2026: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पुलिस जवानों द्वारा सोशल मीडिया पर वर्दी में रीलें बनाने का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। यह ट्रेंड अब विभागीय अनुशासन के लिए गंभीर चुनौती बनता दिख रहा है।

हाल ही में मस्तूरी थाने के एक आरक्षक को वर्दी में डांस करते हुए वीडियो वायरल होने पर लाइन अटैच किया गया था, लेकिन इसके बावजूद ऐसे मामलों में कोई कमी नहीं आई। अब एक और आरक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुलिस यूनिफॉर्म पहनकर अपनी पत्नी के साथ डांस करते हुए नजर आ रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली और अनुशासन पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली हैं। कई लोगों ने वर्दी की गरिमा का हवाला देते हुए वीडियो हटाने की सलाह दी, तो कुछ ने मजाकिया अंदाज में टिप्पणियां कीं।

इसी दौरान एक यूजर को जवाब देते हुए आरक्षक ने बेखौफ अंदाज में “आई एम वेटिंग ब्रो” लिखकर कार्रवाई का इंतजार करने की बात कही। यह जवाब अब स्क्रीनशॉट के रूप में पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो सामने आने से विभाग की छवि पर सवाल उठ रहे हैं।