छत्तीसगढ़ में ACB की दो बड़ी कार्रवाई: धमतरी में 1 लाख और अंबिकापुर में 25 हजार की रिश्वत लेते अधिकारी गिरफ्तार
भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के धमतरी और अंबिकापुर में दो अलग-अलग ट्रैप कार्रवाई कर अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
धमतरी में सिंचाई विभाग का प्रोग्रेसमैन गिरफ्तार
धमतरी जिले में सिंचाई विभाग के इलेक्ट्रिकल-मैकेनिकल विंग में पदस्थ प्रोग्रेसमैन लकेश्वर साहू को ACB ने 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के पिता सिंचाई विभाग में कार्यरत थे, जिनके निधन के बाद परिवार को लगभग 6.99 लाख रुपये की ग्रेच्युटी राशि मिलनी थी।
आरोप है कि ग्रेच्युटी की राशि निकालने के एवज में आरोपी कर्मचारी ने 1.20 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने योजना बनाकर कार्रवाई की और आरोपी को कर्मा नगर स्थित उसके आवास में रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
अंबिकापुर में प्रभारी SDO भी ACB के शिकंजे में
वहीं अंबिकापुर में ACB की टीम ने प्रभारी एसडीओ संजय कुमार दिवाकर को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व उपसरपंच से पुराने कार्यों के सत्यापन के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत के अनुसार, संजय कुमार दिवाकर इस मामले में पहले ही 50 हजार रुपये ले चुका था और शेष राशि के रूप में 25 हजार रुपये की मांग कर रहा था। शिकायत की पुष्टि होने पर ACB ने ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया।