अभनपुर पालिका कांग्रेसी अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे के खिलाफ अपराध दर्ज, 20 मिनट तक अधिकारियों को देते रहे गालियां
अभनपुर। अभनपुर नगर पालिका के कांग्रेस अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे के खिलाफ अधिकारियों से कथित गाली-गलौज, धमकी और विवाद के मामले में अभनपुर थाने में अपराध दर्ज किया गया है। घटना 13 अगस्त की दोपहर करीब 4 बजे की बताई जा रही है। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
बताया जा रहा है कि नगर पालिका के काम के भुगतान को लेकर अध्यक्ष और अधिकारियों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि बिना काम पूरा हुए भुगतान करने के लिए अधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा था। अधिकारियों द्वारा बिना काम भुगतान करने से इनकार करने के बाद मामला गरमा गया।
डंडा लेकर पहुंचे, अधिकारियों से गाली-गलौज का आरोप
आरोप है कि उत्रसेन गहिरवारे डंडा लेकर अधिकारियों के पास पहुंचे और जमकर गाली-गलौज की। इस दौरान अभनपुर नगर पालिका के CMO नीलेश केरकेट्टा से भी कथित तौर पर गाली-गलौज की गई।
वहीं, नगर पालिका के सब-इंजीनियर दूषांत चौहान को मारने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।
4:09 मिनट के बाद सुनाई देती है गाली-गलौज
सामने आए वीडियो में घटनाक्रम का एक हिस्सा साफ दिखाई देता है। वीडियो के 4:09 मिनट के बाद कथित गाली-गलौज का हिस्सा सामने आता है, जिसे लेकर अब अध्यक्ष के व्यवहार पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
बिना काम भुगतान का दबाव या अधिकारियों की मनमानी?
पूरे मामले का सबसे गंभीर पहलू बिना काम भुगतान के कथित दबाव से जुड़ा है। सवाल यह भी है कि आखिर ऐसा कौन सा भुगतान था, जिसे लेकर अधिकारियों और पालिका अध्यक्ष के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला थाने तक पहुंच गया।
अब जबकि अभनपुर थाने में अपराध दर्ज हो चुका है, पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और भुगतान को लेकर किस स्तर पर क्या दबाव बनाया गया था।
कांग्रेस के नगर पालिका अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे पर लगे इन आरोपों ने अभनपुर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।