Chhattisgarh News: रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक होटल के कमरे में प्रेमी युगल के बीच विवाद के बाद युवती की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद युवक ने भी कथित तौर पर अपना गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि युवती की मौत हो गई।

घटना झूलेलाल चौक के पास स्थित होटल बंसल पैराडाइज के तीसरे तल के कमरा नंबर 401 में हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी।
होटल के कमरे से आई युवती की चीख, कर्मचारियों ने तोड़ी खिड़की
जानकारी के मुताबिक, 14 अगस्त को कृष्ण कुमार भारद्वाज और रिमन मंडावी होटल के कमरा नंबर 401 में ठहरे थे। दोनों ने पहचान पत्र देकर होटल में नियमानुसार चेक-इन किया था।
दोपहर करीब 3:30 से 3:45 बजे के बीच होटल कर्मचारियों ने कमरे से युवती के चीखने की आवाज सुनी। कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। स्थिति संदिग्ध लगने पर कर्मचारियों ने मिलकर कमरे की खिड़की तोड़ी।
खिड़की से अंदर देखने पर युवक कथित तौर पर चाकू से अपना गला काटता दिखाई दिया, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हालत में मिली।
युवती की मौत, युवक की हालत गंभीर
होटल कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान युवक ने पहले युवती पर चाकू से हमला किया और इसके बाद खुद का गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि, घटना की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
वाराणसी का युवक, मोहला-मानपुर की युवती
पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान कृष्ण कुमार भारद्वाज के रूप में हुई है, जो वाराणसी जिले का रहने वाला है। वहीं युवती रिमन मंडावी मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र की निवासी बताई गई है।
पुलिस दोनों के बीच संबंध और रायपुर आने के कारणों की भी जांच कर रही है।
CCTV फुटेज और कमरे से मिले साक्ष्यों की जांच
घटना के बाद पुलिस ने होटल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। कमरे से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और घटना से पहले कमरे में क्या हुआ। घायल युवक का बयान मामले की जांच में अहम माना जा रहा है। पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।