Advertisement Carousel

बजट के पिटारे में छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात, इस क्षेत्र में होगा फायदा, CM साय ने जताई खुशी

Chhattisgarh Mining Corridor:  वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में 2026 का बजट पेश कर दिया है, 85 मिनट के भाषण में उन्होंने कुछ बडे़ ऐलान किए हैं. जिसमें छत्तीसगढ़ के लिए भी एक बड़ा ऐलान हुआ है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2026 में छत्तीसगढ़, ओडिशा और केरल में माइनिंग कॉरिडोर विकसित करने का फैसला किया है. सरकार का कहना है कि इससे खनिज आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और इससे राज्यों में रोजगार के नए अवसर आएंगे. जिस पर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने भी बड़ी बात कही है. उन्होंने कहा कि इससे राज्य को फायदा होगा और रोजगार बढ़ेगा.

छत्तीसगढ़ में माइनिंग कॉरिडोर

Chhattisgarh Mining Corridor:  छत्तीसगढ़ में माइनिंग कॉरिडोर को विकसित करने का ऐलान बजट में किया गया है, यह छत्तीसगढ़ के लिहाज से बड़ा ऐलान माना जा रहा है. क्योंकि राज्य में माइनिंग कॉरिडोर का क्षेत्र बड़ा माना जाता है. छत्तीसगढ़ में फिलहाल तीन प्रमुख माइनिंग रेल कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं, जिनकी कुल लंबाई लगभग 452 किलोमीटर है. इसके अलावा खनिज उत्पादन में भी छत्तीसगढ़ का स्तर बढ़ा है. इसके विकसित होने से खनिज संपन्न क्षेत्रों में बुनियादी ढांचों को मजबूत किया जाएगा, इसके अलावा परिवहन भी सुगम होगा, जिससे राज्य को फायदा होगा.

Chhattisgarh Mining Corridor:

इससे कोयला, लौह अयस्क और बॉक्साइट के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों को सीधा बंदरगाहों से जोड़ा जाएगा, जिससे परिवहन के लागत में कमी आएगी और लॉजिस्टिक्स की स्पीड भी बढ़ेगी. छत्तीसगढ़ में खनिज उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है, जो राज्य की जीडीपी पर सीधा असर करता है. ऐसे में माइनिंग कॉरिडोर विकसित होने से राज्य की आर्थिक व्यवस्था में भी सुधार आएगा.

छत्तीसगढ़ को बड़ा फायदा: सीएम साय

Chhattisgarh Mining Corridor: बजट को सीएम विष्णुदेव साय ने उपयोगी बजट बताया है. उन्होंने कहा बजट विकसित भारत और सुनहरे भारत की दिशा में ऐतिहासिक दस्तावेज है, प्रदेश की जनता की ओर से वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को शुभकामनाएं, आर्थिक विकास और रोजगार बढ़ाना और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करना ही हमारा लक्ष्य है. देश के गरीब , किसान, युवा, श्रमिक वर्गों के उत्थान के लिए फोकस है, ऐसे में इस बजट से छत्तीसगढ़ को भी बड़ा फायदा होने वाला है.

वही राज्य के वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने कहा यह बजट देश को 2047 तक विकसित करने वाला बजट होगा. यह बजट गरीबी निवारण करने वाला बजट है, जिससे सभी सैक्टर में आने वाले समय में तेजी दिखेगी. माइनिंग के लिए भी बड़ा ऐलान हुआ है, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में भी यह बजट राहत देने वाला होगा.