Chhattisgarh Electricity Scheme: छत्तीसगढ़ सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का शुभारंभ कर दिया है. सीएम साय ने बटन दबाकर इस योजना की शुरुआत की, जिसके तहत बकाया बिजली बिल पर भारी छूट दी जाएगी. मिली जानकारी के मुताबिक, इस योजना का लाभ राज्य के करीब 28 लाख 42 हजार उपभोक्ताओं को मिल सकता है. वहीं उपभोक्ताओं को राहत देते हुए सरकार ने करीब 757 करोड़ रुपये के सरचार्ज को माफ करने का फैसला किया है.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली आज के समय में सबसे जरूरी जरूरत बन चुकी है. कूलर, पंखा, पानी और मोबाइल जैसे दैनिक उपयोग के लिए बिजली अनिवार्य है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और यहां बिजली उत्पादन के लिए जरूरी संसाधन भी उपलब्ध हैं.




