Chhattisgarh Couple Suicide छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में वैलेंटाइन वीक में लिव इन में रह रहे एक कपल ने शादी में हो रही देरी के कारण सुसाइड कर लिया। लड़का 18 साल का था, वहीं लड़की भी बालिग हो चुकी थी। लड़की का कहना था कि उसकी बदनामी हो रही है। परिजनों ने शादी के लिए हां कह दिया था, लेकिन लड़के की उम्र 21 साल नहीं होने के कारण रुके हुए थे।
कपल पनकोटा गांव में एक अलग घर लेकर साथ रह रहा था। 11 फरवरी की रात अनीता सिंह (20) ने फांसी लगाकर जान दे दी। जब बॉयफ्रेंड कृष्णा सिंह (18) ने फंदे पर अपनी गर्लफ्रेंड को लटकते देखा तो, वह भी घर के पास एक पेड़ पर फंदा बनाकर लटक गया। मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है।
अब जानिए क्या है पूरा मामला
करीब 2 साल पहले एक रिश्तेदार की शादी में हमाली गांव की रहने वाली अनीता सिंह (20) और अमलिहा गांव के रहने वाले कृष्णा सिंह (18) की मुलाकात हुई थी। वहां दोनों ने फोन नंबर एक्सचेंज किया और बातचीत करने लगे। कुछ समय बाद दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों का मिलना जुलना, साथ रहना देखकर लड़की के घर वाले भी शादी के लिए मान गए थे। परिजनों ने सरकार के सामुहिक विवाह में शादी के लिए आवेदन भी दिया था, लेकिन लड़के की उम्र कम होने के कारण वह फॉर्म रिजेक्ट हो गया था। लड़का अभी 18 साल का हुआ था। वहीं लड़की बालिग हो चुकी थी।
Chhattisgarh Couple Suicide मानसिक रुप से परेशान थे दोनों
इस घटना के बाद दोनों मानसिक रुप से परेशान चल रहे थे। शादी में देरी होने पर परिजनों की सहमति से दोनों ने गांव में एक अलग घर लिया था। जहां वे पिछले 3 महीने से रह रहे थे। इसी घर में लड़की साड़ी का फंदा बनाकर फांसी पर झूल गई। युवती के फांसी लगाने की जानकारी मिलते ही युवक ने उसे फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद उसने भी घर के पास पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली।
दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बचा पाए
Chhattisgarh Couple Suicide युवक की नानी मानवति का कहना है कि, लड़के की उम्र कम थी। दोनों ज्यादा दिन नहीं रुक पाएंगे कह रहे थे। देर रात सोते समय लड़की ने फांसी लगा ली। उसे लड़के ने नीचे उतारा। बच जाएगी करके नीचे सुला दिया। लेकिन सांसे नहीं चल रही थी। पानी भी नहीं पी रही थी। जिसके बाद लड़का घर से भागकर गया और पेड़ पर फांसी लगा ली। दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बचा पाए।
लड़की बोलती थी- मैं बदनाम हो गई
मृतक युवक के पिता मान सिंह ने बताया कि दोनों को 2 साल रुकने के लिए बोले थे। लड़का मान गया था, लेकिन लड़की बोलती थी मैं दोनों तरफ से बदनाम हो गई। मेरी शादी नहीं हो रही। इसलिए फांसी पर लटकी।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।




