CHHATARPUR NEWS. मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से चोरी का एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय लोगों के साथ पुलिस को भी हैरान कर दिया है। लवकुशनगर में एक व्यापारी के घर से कथित तौर पर लगातार सात दिनों तक रोज एक-एक चड्डी चोरी होती रही। हैरान व्यापारी ने आखिरकार पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामला सामने आने के बाद अब चोरी हुई चार चड्डियां वापस घर में फेंके जाने का दावा किया गया है।
7 दिन तक रोज गायब होती रहीं चड्डियां
मामला लवकुशनगर थाना क्षेत्र के चंदला रोड का बताया जा रहा है। व्यापारी गौरीशंकर कुशवाहा के मुताबिक, उनके घर से करीब सात दिनों तक रोजाना एक-एक अंडरवियर गायब हो रहा था।शुरुआत में परिवार ने इसे सामान्य तरीके से लिया और माना कि कपड़े कहीं खो गए होंगे। लेकिन जब लगातार कई दिनों तक केवल अंडरवियर गायब होने लगे तो उन्हें किसी के जानबूझकर चोरी करने का शक हुआ। खास बात यह रही कि घर में मौजूद नकदी, मोबाइल, गहने और अन्य सामान को कथित तौर पर हाथ तक नहीं लगाया गया।
पुलिस से बोला व्यापारी- जब तक चड्डियां नहीं मिलेंगी, नहीं पहनूंगा
लगातार हो रही इस अजीब चोरी से परेशान व्यापारी ने लवकुशनगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और पुलिस से आरोपी को पकड़ने की मांग की। बताया जा रहा है कि व्यापारी ने पुलिस से अपनी चड्डियां बरामद कराने की गुहार लगाते हुए कहा, “साहब, मैं कसम खाता हूं, जब तक मेरी चड्डियां नहीं मिलेंगी, तब तक चड्डी नहीं पहनूंगा।”मामले की असामान्य प्रकृति के कारण यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर अज्ञात व्यक्ति केवल अंडरगारमेंट्स को ही क्यों निशाना बना रहा था।
मीडिया में मामला आया तो चार चड्डियां वापस फेंकने का दावा
पुलिस में शिकायत के बाद मामला जब मीडिया में आया तो घटनाक्रम में नया मोड़ आ गया। व्यापारी के मुताबिक, किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी हुई चार चड्डियां वापस उनके घर के अंदर फेंक दीं और मौके से फरार हो गया।हालांकि, चड्डियां वापस किसने फेंकीं और ऐसा क्यों किया गया, यह अभी स्पष्ट नहीं है। इस घटनाक्रम ने पुलिस के सामने जांच को और पेचीदा बना दिया है।
चोर घर में घुसा या बाहर से ले गया? पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब पूरे मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांचकर्ताओं का फोकस इस बात पर है कि आरोपी घर के अंदर दाखिल हुआ था या उसने बाहर से कपड़े उठाए थे। पुलिस आसपास के लोगों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है।फिलहाल आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सात दिनों तक कथित तौर पर चड्डियां चोरी करने के पीछे क्या वजह थी और मीडिया में मामला सामने आने के बाद उन्हें वापस क्यों फेंका गया।