Bulandshahar Gym Murder उत्तरप्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा क्षेत्र में एक जिम में जन्मदिन की पार्टी के दौरान चेहरे पर केक लगाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक रूप लेते हुए गोलीबारी में बदल गया। इस घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक का जन्मदिन था और इसी दौरान मरने वाले युवकों में से एक ने उसके चेहरे पर केक लगा दिया था। इस बात पर दोनों में कहा-सुनी हुई, जो तेजी से हाथापाई तक बढ़ गई। देखते ही देखते ने फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ गोलियों से जिम के अंदर ही तीन युवक घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। आसपास के इलाके में दहशत का माहौल छा गया। गोलीबारी की आवाज सुनकर लोग घबरा गए और कई लोग जिम से भाग निकले।
पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम बुलाई है। सबूत जुटाए जा रहे हैं। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मुख्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूरे इलाके में सख्ती बढ़ा दी गई है।
मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि जिम में बर्थडे पार्टी के दौरान युवकों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। शुरुआती जांच में यही पता चला है कि मामूली बात पर विवाद बढ़ गया और गुस्से में फायरिंग कर दी गई। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं। CCTV और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है।




