बिलासपुर। शहर में करोड़ों रुपये की जमीन का सौदा कराने के नाम पर एक महिला से 7 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
1.60 करोड़ रुपये में हुआ था जमीन का सौदा
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कश्यप कॉलोनी निवासी संजना वर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि खपरगंज निवासी नबी बक्श और मोहम्मद कासिम ने खपरगंज स्थित नजूल शीट नंबर-33 के प्लॉट नंबर 1/1 और 1/2 की कुल 3120 वर्गफुट जमीन अपनी दिवंगत दादी बसारत बी के नाम दर्ज होना बताते हुए बेचने का प्रस्ताव दिया।
दोनों पक्षों के बीच 1 करोड़ 60 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद 18 अक्टूबर 2024 को नोटरी के माध्यम से इकरारनामा किया गया और बयाने के रूप में 7 लाख रुपये चेक के जरिए आरोपियों को दिए गए।
जांच में सामने आई दस्तावेजों की सच्चाई
शिकायतकर्ता ने जब नजूल विभाग से भूमि संबंधी जानकारी प्राप्त की तो पता चला कि जमीन से जुड़े दस्तावेज संदिग्ध हैं। साथ ही, नामांतरण का दावा भी नजूल न्यायालय पहले ही खारिज कर चुका था।
रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने चेक दिए, लेकिन दोनों चेक बैंक से बाउंस हो गए।
3120 वर्गफुट की जगह निकली सिर्फ 430 वर्गफुट जमीन
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जिस जमीन का रकबा 3120 वर्गफुट बताया गया था, उसका वास्तविक क्षेत्रफल केवल 430 वर्गफुट है। इसके अलावा संबंधित संपत्ति वर्ष 1970 में वक्फनामे के माध्यम से एक संस्था को दान की जा चुकी थी।
आरोप है कि इन महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन का सौदा किया गया और शिकायतकर्ता से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सिटी कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।