BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गर्लफ्रेंड को घर लाने की बात पर चाचा और भतीजे के बीच ऐसा विवाद हुआ कि मामला हत्या तक पहुंच गया। सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह स्थित अपोलो चौक के पास शराब के नशे में धुत चाचा ने अपने भतीजे के सीने पर सब्जी काटने वाले चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है।
गर्लफ्रेंड को घर लाने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, लिंगियाडीह निवासी धनीराम निषाद उर्फ कुदन अपने भतीजे अमित निषाद के साथ रहता था। घटना देर रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच की है। बताया गया है कि अमित अपनी गर्लफ्रेंड को घर लेकर आया था। इसी बात को लेकर चाचा और भतीजे के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि शराब के नशे में धुत धनीराम ने सब्जी-प्याज काटने वाले चाकू से अमित के सीने पर वार कर दिया। चाकू लगने से अमित गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलने के बाद सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अमित को एंबुलेंस की मदद से सिम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपी चाचा गिरफ्तार, पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी धनीराम निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।