BILASPUR NEWS: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस आरक्षक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2023 में पीड़िता की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से आरक्षक सुमंत मिरी से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद दोस्ती हो गई। आरोप है कि आरक्षक ने खुद को अविवाहित बताते हुए युवती से शादी का वादा किया और इसी भरोसे पर उससे शारीरिक संबंध बनाए।
जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से विवाहित है और उसके दो बच्चे भी हैं। पीड़िता का आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने करीब तीन वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया। जब युवती ने विवाह की बात कही तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया।
घटना के समय आरोपी की पदस्थापना तखतपुर थाने में थी। इसके बाद पीड़िता ने तखतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी आरक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।