BILASPUR NEWS. जिले के सकरी थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर स्कूल जाने के दौरान छात्रा का हाथ और चुन्नी पकड़कर खींचने तथा परेशान करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को पीड़िता की मां ने सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव का रहने वाला युवक विजय ध्रुव आए दिन उसकी नाबालिग बेटी को परेशान करता था। जब भी छात्रा स्कूल जाती थी, आरोपी कथित तौर पर उसका हाथ पकड़कर खींचता, चुन्नी खींचता और अनाप-शनाप बातें करता था। पड़ोसी होने के कारण परिवार ने शुरुआत में मामले को नजरअंदाज किया, लेकिन आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं।
शिकायत के मुताबिक, 30 अक्टूबर को सुबह करीब 9 बजे छात्रा स्कूल जा रही थी। इसी दौरान उसलापुर जय स्तंभ के पास आरोपी ने उसे स्कूल जाने से मना करते हुए उसका हाथ और चुन्नी पकड़कर खींचा तथा छेड़छाड़ की। इसके बाद पीड़िता की मां ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में सकरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय ध्रुव (20 वर्ष), निवासी काटीखार उसलापुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1005/2026 के तहत धारा 74 बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 7 एवं 8 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।