BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। चरित्र पर संदेह के चलते एक पति ने अपनी चार माह की गर्भवती पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि पति ने लोहे के पाइप, लात और मुक्कों से पत्नी पर जानलेवा हमला किया। इस दर्दनाक घटना में महिला के गर्भ में पल रहे चार माह के शिशु की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला का रायपुर के अस्पताल में इलाज जारी है। मामले में हिर्री पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फोन पर बात करने के शक में पत्नी पर किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बोदरी परसदा निवासी 24 वर्षीय आदित्य कौशिक ने अपनी बहन सभ्या कौशिक के साथ हुई मारपीट को लेकर हिर्री थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, सभ्या की शादी 21 जनवरी 2025 को ग्राम बोड़सरा निवासी आशीष कौशिक के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी।
शादी के कुछ महीने बाद ही पति आशीष अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करने लगा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था और आरोपी आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था।
बताया गया कि 29 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे आशीष ने पत्नी पर दूसरे लड़कों से फोन पर बातचीत करने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर उसने गुस्से में आकर पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने लोहे के पाइप के साथ हाथ-मुक्कों और लातों से भी बेरहमी से हमला किया।
गर्भाशय में आई गंभीर चोट, गर्भस्थ शिशु की मौत
मारपीट के दौरान सभ्या के शरीर और गर्भाशय में गंभीर चोटें आईं। उसके निजी अंग से खून बहने लगा। घटना के समय वह चार माह की गर्भवती थी। हमले के बाद उसके गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी 30 सितंबर को मिलने के बाद सभ्या का भाई आदित्य अस्पताल पहुंचा। इस दौरान पीड़िता ने अपनी मां संतोषी कौशिक के सामने भी पति द्वारा की गई बेरहमी की पूरी आपबीती बताई।
आरोपी पति गिरफ्तार, पुलिस की जांच जारी
मामले में हिर्री थाना प्रभारी दामोदर मिश्रा ने बताया कि पीड़िता के भाई की शिकायत के आधार पर आरोपी आशीष कौशिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और 92 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।