Bilaspur Crime News : बिलासपुर। अफेयर और लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि लिव-इन में रह रही युवती ने अपने शादीशुदा बॉयफ्रेंड पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मामला सकरी थाना पहुंचा, जहां घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है, इसलिए फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार कुदुदंड निवासी सुरेंद्र पहले से शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार से अलग होकर सकरी स्थित अटल आवास में एक दूसरी युवती के साथ रह रहा था। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे और साल 2024 से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इस दौरान उनकी सात महीने की एक बेटी भी हुई।
बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। गुस्से में युवती ने अपने बॉयफ्रेंड पर हमला कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सकरी थाना लेकर गई। थाने में दोनों पक्षों को समझाने और मामला शांत कराने की कोशिश की जाती रही। पुलिस की मौजूदगी में दोनों के बीच स्टाम्प पेपर पर समझौता कराया गया। समझौते में दोनों ने आपसी सहमति से अलग-अलग रहने का फैसला किया।
समझौते में यह भी उल्लेख किया गया कि दोनों वर्ष 2024 से साथ रह रहे थे और उनकी सात महीने की बेटी है, जो अब अपनी मां के पास रहेगी। हालांकि समझौते के बाद भी थाने में काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
मारपीट की घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवती थाना परिसर में युवक की पिटाई करती नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
Bilaspur Crime News
पुलिस का कहना है कि युवक और युवती आपसी विवाद के बाद थाने पहुंचे थे। बाद में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया, इसलिए तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई। वहीं वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




