Bhilai Road Accident : भिलाई : छत्तीसगढ़ के भिलाई में आज दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा चंद्रा मौर्या चौक पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन हवा में उछल गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को सुपेला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 17 वर्षीय नूर और 55 वर्षीय मनोहर को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सलीम की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, नूर और सलीम एसी बनाने का काम करते थे और एक ही स्कूटी पर सवार थे, जबकि मनोहर पेशे से बीमा एजेंट थे और बाइक चला रहे थे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे की पूरी वजह सामने आ सके।




