BHILAI NEWS: छत्तीसगढ़ के भिलाई से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शराब पीने से मना करने पर एक बहू ने अपने बुजुर्ग ससुर पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल ससुर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना स्मृतिनगर पुलिस चौकी क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि बीती रात महिला शराब के नशे में थी। इसी दौरान उसके ससुर ने उसे शराब पीने से मना किया, जिससे वह नाराज हो गई। गुस्से में आकर महिला ने पहले ससुर से विवाद किया और फिर पास में पड़ी ईंट उठाकर उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो महिला ने उनके साथ भी मारपीट की। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार मामले की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
महिलाओं में बढ़ रही शराब की लत
भारत में आमतौर पर शराब सेवन को पुरुषों से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन विभिन्न सर्वेक्षणों में यह सामने आया है कि कई राज्यों में महिलाओं के बीच भी शराब का सेवन तेजी से बढ़ रहा है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS) के अनुसार अरुणाचल प्रदेश में सबसे अधिक 24.2 प्रतिशत महिलाएं शराब का सेवन करती हैं। वहीं सिक्किम में यह आंकड़ा 16.2 प्रतिशत है।
विशेषज्ञों का मानना है कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति सामाजिक और पारिवारिक विवादों का कारण बन रही है, जिसके चलते ऐसे घटनाक्रम सामने आ रहे हैं।