पूरे लोग नहीं मिल रहे. 8 आदमी नहीं मिल रहे. हम तीन लोग ही बाहर निकले हैं. हम बिहार के रहनेवाले हैं– प्रत्यक्षदर्शी मजदूर
जब घटना हुई उस समय हम 11 लोग थे. अभी तीन लोग है. 8 गायब है- रामस्वरूप, बिहार निवासी
घटनास्थल पर पहुंचा पुलिस प्रशासन
Bhatapara Steel Plant Blast प्लांट में हादसे की जानकारी मिलते ही भाटापारा ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची. कुछ ही देर में बलौदाबाजार पुलिस एसपी भावना गुप्ता, कलेक्टर दीपक सोनी मौके पर पहुंचे. बचाव कार्य शुरू किया गया.
बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी ने बताया कि निपनिया में इस्पात प्लांट में दुखद घटना हुई है. डस्ट सेटलिंग चैंबर, जिसका टेंपरेचर काफी हाई होता है उसमें से राख लीक होने के कारण नीचे काम कर रहे 6 श्रमिकों की मौत हो गई. पांच मजदूर घायल है, जिन्हें इलाज के लिए बिलासपुर हायर सेंटर भेजा गया है. पूछताछ जारी है. एसडीएम के निर्देशन में विस्तृत जांच के निर्देश जारी किया गया है. पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है. रेस्क्यू ऑपरेशन लगभग पूरा हो चुका है. जांच की जा रही है.
कंपनी के एचआर और लेबर डिपार्टमेंट को मृतक के परिजनों और घायलों को उचित मुआवजा देने को कहा गया है. सभी मजदूर बिहार के रहने वाले हैं. स्थानीय कोई नहीं है- दीपक सोनी, कलेक्टर
11 लोगों को रेस्क्यू किया गया, जिसमें से 6 की मौत हुई. पांच घायल है. स्पॉट पर पूरी टीम लगी है. प्लांट में आने वाले सभी का वेरिफिकेशन किया जा रहा है. मजदूर बिहार और झारखंड के रहने वाले थे. स्थानीय थानों के माध्यम से सभी से संपर्क किया जा रहा है. हादसे की जांच की जा रही है. रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है- भावना गुप्ता, एसपी बलौदाबाजार
कंपनी प्रबंधन घायलों का इलाज करा रही है. मृतकों और घायलों को परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा. प्रभावित मजदूर ठेका के अंतर्गत काम करते थे और बिहार झारखंड के रहने वाले थे. सभी मृतकों की पहचान हो चुकी है- राजेश कुमार सिंह, HR हेड रियल इस्पात प्रबंधन
मृतकों के नाम
- श्रवण कुमार (22), ग्राम गोटीबांध, थाना डुमरिया, जिला गया, बिहार
- राजदेव कुमार (22), ग्राम गोटीबांध, थाना डुमरिया, जिला गया, बिहार
- जितेन्द्र भुझ्या (37), ग्राम गोटीबांध, थाना डुमरिया, जिला गया, बिहार
- बदरी भुझ्या (42), ग्राम गोटीबांध, थाना डुमरिया, जिला गया, बिहार
- विनय भुइया (40), ग्राम गोटीबांध, थाना डुमरिया, जिला गया, बिहार
- सुंदर भुइया (40), ग्राम गोटीबांध, थाना डुमरिया, जिला गया, बिहार
बिलासपुर में घायलों का इलाज
इस हादसे में 5 मजदूर घायल है. सभी घायलों को इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
Bhatapara Steel Plant Blast घायलों के नाम
- कल्पू भुइया 44 वर्ष ग्राम गोटीबांध थाना डुमरिया जिला गया बिहार
- रामू भुइया 34 वर्ष ग्राम देवरी थाना डुमरिया जिला गया बिहार
- शबीर अंसारी 34 वर्ष ग्राम राजहरा थाना मेराल जिला गढ़वा झारखंड
- मुमताज अंसारी 26 वर्ष ग्राम राजहरा थाना मेराल जिला गढ़वा झारखंड
- शराफत अंसारी 32 वर्ष ग्राम राजहरा थाना मेराल जिला गढ़वा झारखंड
घायल और मृतक मजदूर ठेकेदारी में करते थे काम
इस्पात कारखाना में कुल 500 मजदूर काम करते हैं, जिसमें 400 परमानेंट मजदूर है और 100 मजदूर ठेका मजदूर के रूप में काम करते हैं.
बलौदा बाजार के बकुलाही स्थित स्पंज आयरन फैक्ट्री में हुए भयावह विस्फोट की घटना पर सीएम साय ने दुख जताया. एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने लिखा- यह घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है. इस हादसे में 6 श्रमिकों की असमय मृत्यु हो गई, जबकि 5 घायलों को बिलासपुर उच्च स्तरीय इलाज के लिए भेजा गया है. मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदना. इस दुख की घड़ी में उनकी हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी. जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार और हादसे के कारणों की तथ्यपरक जांच के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है. सुरक्षा व्यवस्था ठीक है. सभी को हेल्मेट मिला हुआ है.
भूपेश बघेल ने घटना पर जताया दुख
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फैक्ट्री ब्लास्ट की घटना पर दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- “बलौदाबाजार के बकुलाही इलाके में स्थित एक स्पंज आयरन फैक्ट्री में ब्लास्ट की दुखद सूचना प्राप्त हुई. इस भीषण हादसे में फैक्ट्री कर्मियों के निधन की जानकारी मिली है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने का सामर्थ्य दें. शासन-प्रशासन से अनुरोध हैं कि घायलों के यथोचित उपचार की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए. इसके साथ ही मृतकों के परिजनों हेतु उचित मुआवजे की व्यवस्था करते हुए इस मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए और इस हादसे के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. “
छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष ने जताया दुख
छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने भी इस हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने कहा है कि ”ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें. शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें.”