BENGALURU NEWS कर्नाटक के बेंगलुरु दक्षिण जिले के मादापट्टना इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक पत्थर की खदान में काम कर रहे मजदूरों पर अचानक भारी चट्टान गिर गई, जिससे 7 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब कावेरी कंपनी की खदान में लगभग 15 से 20 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान एक क्रेन (हिताची मशीन) करीब 100 फीट ऊपर काम कर रही थी और नए क्रशर के लिए जगह साफ की जा रही थी। तभी अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया और मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा बेहद अचानक हुआ और मजदूरों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। एक एक्सकेवेटर ऑपरेटर ने बताया कि काम शुरू होते ही पहाड़ी का हिस्सा ढह गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार, मलबे के नीचे कई मजदूर दबे हो सकते हैं।
सूचना मिलते ही तावरेकेरे पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हादसे में सभी मृतक मजदूरों के बिहार निवासी होने की बात सामने आई है। कुछ मजदूरों को घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।
हादसे में खड़े लोडिंग वाहन और ट्रैक्टर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और खदान संचालकों की जिम्मेदारी तय करने के साथ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।