चोरी की रिपोर्ट लिखाना पड़ा भारी! गांव में 4 परिवारों का बहिष्कार, हुक्का-पानी बंद होने का आरोप
BEMETARA NEWS. बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र के कांचरी गांव में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद चार परिवारों के कथित सामाजिक बहिष्कार का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवारों का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद गांव के कुछ लोगों ने उनसे दूरी बना ली और उनका सामाजिक बहिष्कार किया जा रहा है।
हुक्का-पानी बंद, लेनदेन पर भी रोक का आरोप
परिवारों का कहना है कि गांव में उनका हुक्का-पानी बंद कर दिया गया है। इसके अलावा ग्रामीणों के साथ लेनदेन पर भी रोक लगा दी गई है। इस कथित बहिष्कार के कारण परिवारों को रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदने के लिए करीब 10 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।
सरपंच समेत ग्रामीणों पर लगाया आरोप
पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया है कि इस बहिष्कार में गांव के सरपंच सहित कुछ ग्रामीण भी शामिल हैं। उनका कहना है कि चोरी की घटना को लेकर पुलिस में शिकायत करना ही उनके लिए परेशानी का कारण बन गया।
कलेक्टर और एसपी से लगाई मदद की गुहार
मामले से परेशान चारों परिवारों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। पीड़ितों ने कलेक्टर और एसपी से शिकायत कर मामले में हस्तक्षेप करने और उन्हें राहत दिलाने की मांग की है।अब देखना होगा कि शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।