Assam Nightclub Fight: असम में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. यहां गुवाहाटी के खानापारा इलाके में गुरुवार ( 1 अक्टूबर 2026) को देर रात एक नाइट क्लब के अंदर एक महिला को निर्वस्त्र कर उसे पीटा गया. घटना के दौरान मौजूद लोगों ने दावा किया कि हादसे में खानापारा इलाके के ‘द लोकल्स’ कैफे और लाउंज के बाउंसरों का हाथ था. इंटरनेट पर घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें महिला बिना कपड़ों के फर्श पर लेटी हुई दिखाई दे रही है और 2 अन्य महिलाएं उसे लात मार रही हैं. उनके साथ कुछ पुरुष भी नजर आ रहे हैं. एक अन्य वीडियो में एक महिला उसे उठाने की कोशिश करती है, तभी एक कार आती है और सारे व्यू ब्लॉक कर देती है.
बाउंसरों ने की मारपीट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्लब में महिला के साथ मारपीट करने से पहले उसे पर फर्श पर धकेल दिया गया और उसके कपड़े उतार दिए गए. वहीं, मारपीट करने वालों में पुरुष और महिला बाउंसर दोनों शामिल थे. बाद में उसे क्लब की चौथी मंजिल से नीचे लाया गया और पार्किंग क्षेत्र में ले जाया गया. मामले को लेकर पुलिस ने बतायया कि नशे में हुई झड़प के बाद बाउंसरों ने एक महिला के कपड़े उतार उसके साथ मारपीट की. इसको लेकर शनिवार ( 3 सितंबर 2026) को नाइट क्लब मैनेजर समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार किए गए लोगों की उम्र 21-30 साल के बीच है, जिसमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं.
ओवरटाइम चल रहा था क्लब
पुलिस के मुताबिक, क्लब वाली बिल्डिंग में काम करने वाले एक सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि महिला ने क्लब के अंदर एक महिला बाउंसर पर बीयर की बोतल से हमला किया था. वहीं, गिरफ्तार किए जाने वालों में नाइटक्लब मैनेजर, इवेंट मैनेजर और फ्रंट ऑफिस एग्जीक्यूटिव भी शामिल हैं. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि नाइटक्लब अपने निर्धारित बंद होने के समय यानी रात 12 बजकर 30 मिनट के बाद भी काफी देर तक कैसे खुला रहा.
पुलिस ने लिया संज्ञान
‘TOI’ की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना को लेकर गुवाहाटी पूर्व के DCP तबू राम पेगू ने कहा कि मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और उपलब्ध CCTV फुटेज की जांच की. उन्होंने बताया,’ फुटेज से पता चला है कि पीड़िता पर सुबह करीब 2 बजकर 30 मिनट पर कुछ लोगों के समूह ने हमला किया. इसके बाद, उसके बाल और कपड़े खींचकर उसे बेसमेंट में घसीटा गया, जहां उस पर फिर से हमला किया गया और वह बेहोश हो गई.’ उन्होंने ये भी बताया कि घटना में शामिल कई लोग बार से जुड़े हुए थे या उसके कर्मचारियों में से थे और मैनेजमेंट ने इस घटना को लेकर लोकल पुलिस स्टेशन को भी कोई जानकारी नहीं दी. DCP ने बताया कि दिसपुर पुलिस स्टेशन ने खुद ही मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की है.