ANDHRA PRADESH NEWS. आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसने मेरठ के चर्चित ब्लू ड्रम और सांप कांड की यादें ताजा कर दी हैं। यहां कथित तौर पर अवैध संबंधों के चलते एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों ने शव को जंगल में दफना दिया, ताकि किसी को अपराध की भनक न लगे। मामले का खुलासा होने के बाद इसकी तुलना मशहूर थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम’ से की जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान तमिलनाडु के तिरुपत्तूर निवासी शशिकुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शशिकुमार की पत्नी लक्ष्मी का प्रभु नाम के व्यक्ति के साथ कथित तौर पर प्रेम संबंध था। इसी रिश्ते के चलते दोनों ने शशिकुमार को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इसी महीने की पहली तारीख को शशिकुमार की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उसके शव को आंध्र प्रदेश के कुप्पम के पास एक सुनसान जंगल में दफना दिया। आरोपियों का मकसद वारदात को छिपाना और शशिकुमार के लापता होने की कहानी सामने आने देना था।
‘दृश्यम’ की तरह सबूत छिपाने की कोशिश
इस मामले में अपराध के बाद शव को जंगल में दफनाने की बात सामने आने से लोगों को फिल्म ‘दृश्यम’ की याद आ रही है। आरोप है कि लक्ष्मी और प्रभु ने हत्या के बाद पुलिस तथा परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की।
हालांकि, कुप्पम शहरी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी। शक के आधार पर लक्ष्मी और प्रभु से पूछताछ की गई। खबर के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पत्नी लक्ष्मी और प्रेमी प्रभु गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सबूत जुटाने में लगी हुई है। जांच टीम फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से जंगल में शव के अवशेषों की बरामदगी और हत्या से संबंधित अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में किन-किन चीजों का इस्तेमाल किया गया और साजिश को किस तरह अंजाम दिया गया।