Winter 2024: ठंडी हवाओं से कंपकंपाया छत्तीसगढ़, मैदानी व पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड, जानें आज का तापमान..

Winter 2024: छत्तीसगढ़ के रायपुर और अंबिकापुर, मैनपाट, पेंड्रारोड व दुर्ग में शीतलहर चल रही है। वहीं मैनपाट में पाला भी पड़ने लगा है। राजधानी में भी कड़ाके की ठंड है और पारा 12.5 डिग्री पर आ गया है। पिछले दो दिन से मैदानी व पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर भारत की ओर से आ रही ठंडी हवा से प्रदेश पूरी तरह ठंड की आगोश में है।

Winter 2024: मैनपाट में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस

Winter 2024: मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आएगी। यानी ठंड और बढ़ेगी। मौसम विभाग ने 13 व 14 दिसंबर को उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। वहीं मैनपाट में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अंबिकापुर ठंडा रहा। वहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में भी पारा 6.9 डिग्री रहा। उत्तर छत्तीसगढ़ में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। जशपुर व पंडरापाठ में भी पारा काफी नीचे चला गया है। इससे वहां भी ठंड से लोग प्रभावित हुए हैं। सुबह देर तक वाहन चालकों को हेडलाइट जलानी पड़ रही है। राजधानी से लगे माना में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री पर रहा। यानी मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर से वहां का न्यूनतम तापमान दो डिग्री कम रहा।

24 घंटे में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक गिरा

जगदलपुर को छोड़कर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में रात का तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री तक कम हो गया है। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरा है। बारिश व बादल के बाद दिसंबर के दूसरे सप्ताह में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल कुछ दिनों तक मौसम में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में ठंड में कमी आने की संभावना नहीं के बराबर है। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी का असर है कि प्रदेश में ठंड बढ़ी है। प्रदेश में दिसंबर में शीतलहर चलने का ट्रेंड रहा है। इसमें उत्तर छत्तीसगढ़ शामिल रहा है। कभी-कभी जनवरी में बस्तर में शीतलहर चलती है।

अंबिकापुर में 6 डिग्री

Winter 2024: पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता हटते ही उत्तरी छत्तीसगढ़ में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरुवार को अंबिकापुर शहर का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री जबकि मैनपाट का 3 डिग्री दर्ज किया गया। आलम ये है कि ओस की बूंदें भी जमने लगी हैं। मैनपाट से गुरुवार की सुबह जो तस्वीर सामने आई है, उसमें पत्तों पर ओस की बूंदें जमी नजर आईं। बलरामपुर जिले की बात करें तो यहां भी तापमान 6 डिग्री पहुंच गया है। ठिठुरन वाली ठंड से लोग दिन में भी कांप रहे हैं।

You may have missed