RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की सामूहिक मौत के मामले में सात महीने बाद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। विशेष जांच दल (SIT) की जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में मृतक परिवार के मुखिया साजिद अली को ही पत्नी और तीन बच्चों की हत्या का आरोपी बताया है। पुलिस जांच के मुताबिक, साजिद ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को कीटनाशक देकर मौत के घाट उतारा और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
सट्टे के कारोबार में हुआ था भारी नुकसान
पुलिस की जांच में सामने आया है कि साजिद अली मोबाइल के जरिए सट्टे का कारोबार चलाता था। वह रायपुर के गोलबाजार और डगनिया इलाके में लोगों को मोबाइल के माध्यम से सट्टा खिलाता था। बताया जा रहा है कि इस कारोबार में उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ था, जिसके चलते वह लगातार परेशान रहने लगा था।
बैंक खातों में मिला 70 लाख रुपये का लेनदेन
जांच के दौरान पुलिस को साजिद के बैंक खातों में पिछले पांच वर्षों के भीतर करीब 70 लाख रुपये के लेनदेन की जानकारी मिली है। जांच में यह भी सामने आया कि सट्टे का कारोबार बंद होने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई थी।
आर्थिक तंगी बनी सामूहिक मौत की वजह
पुलिस के मुताबिक, सट्टे के कारोबार में नुकसान और आर्थिक तंगी के कारण साजिद मानसिक रूप से परेशान था। इसी परेशानी के चलते उसने कथित तौर पर पत्नी और तीन बच्चों की हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली।
करीब सात महीने तक जांच के बाद SIT ने पूरे मामले की गुत्थी सुलझाई और परिवार के पांचों सदस्यों की मौत के पीछे की वजह सामने रखी। इस खुलासे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।