BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण एक परिवार ने अपना 18 वर्षीय बेटा खो दिया। अब इस मामले में बिलासपुर हाईकोर्ट ने बिजली कंपनी की जिम्मेदारी तय करते हुए बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने साफ कहा कि बिजली कंपनी की जिम्मेदारी सिर्फ लोगों को कनेक्शन देने तक सीमित नहीं है, बल्कि बिजली के तारों का रखरखाव और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उसका दायित्व है।
जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने मृतक के माता-पिता को 15 लाख 21 हजार 344 रुपये मुआवजा और उस पर 6 प्रतिशत सालाना ब्याज देने के जिला न्यायालय के फैसले को बरकरार रखा है। साथ ही बिजली कंपनी की अपील खारिज कर दी।
खेत में टूटे सर्विस तार की चपेट में आने से हुई थी मौत
मामला बेमेतरा जिले के पेंड्री गांव का है। यहां उदल चतुर्वेदी और जयकुमारी के 18 वर्षीय बेटे भानुप्रताप की 20 नवंबर 2022 को करंट लगने से मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक, भानुप्रताप सुबह करीब 9 बजे अपने बड़े भाई कृपादयाल के साथ खेत देखने गया था। इसी दौरान खेत में घुसे मवेशियों को भगाने के लिए वह आगे बढ़ा। तभी सिंचाई के लिए लगाए गए तीन हॉर्स पावर के ट्यूबवेल कनेक्शन का टूटा हुआ सर्विस तार उसके संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हाईकोर्ट ने कहा- कनेक्शन देकर जिम्मेदारी से नहीं बच सकती कंपनी
बेटे की मौत के बाद माता-पिता ने बिजली कंपनी के कार्यपालन अभियंता और कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ बेमेतरा के प्रथम जिला न्यायाधीश के न्यायालय में मुआवजे का दावा पेश किया था। मामले की सुनवाई के बाद जिला न्यायालय ने 19 नवंबर 2024 को बिजली विभाग की लापरवाही मानते हुए पीड़ित परिवार को 15,21,344 रुपये मुआवजा और 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज देने का आदेश दिया था। इस फैसले को चुनौती देते हुए बिजली कंपनी ने हाईकोर्ट में अपील दायर की थी।
बिजली कंपनी की अपील खारिज, पीड़ित परिवार को मिलेगी राहत
हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि बिजली एक खतरनाक वस्तु है। इसकी आपूर्ति करने वाले विभाग को सुरक्षा के प्रति विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। नियमित रूप से बिजली के तारों का निरीक्षण करना, खराब तारों की मरम्मत कराना और आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना कंपनी की जिम्मेदारी है। कोर्ट ने जिला न्यायालय के फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए बिजली कंपनी की अपील खारिज कर दी। इस फैसले से मृतक के माता-पिता को 15 लाख 21 हजार 344 रुपये मुआवजे के साथ 6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज मिलने का रास्ता साफ हो गया है।