RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ (Akvan) का असर दिखने लगा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार रात करीब 11 बजे से ठंडी हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई, जो शुक्रवार सुबह तक जारी रही। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई है। कई इलाकों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आए।
मौसम विभाग ने शुक्रवार, 20 नवंबर को रायपुर समेत प्रदेश के 11 जिलों में बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
रायपुर समेत इन 11 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक, रायपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में मौसम खराब रह सकता है। इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। इसके अलावा प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
ओडिशा तट से टकराया चक्रवात अकवान
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान ने शुक्रवार सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट पर दस्तक दी। गोपालपुर के पास सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच तूफान का लैंडफॉल हुआ। इस दौरान हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, तूफान तट पार करने से पहले कमजोर होकर चक्रवाती तूफान की श्रेणी में आ गया था। इसके प्रभाव से ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है।
ओडिशा में 3 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा में बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया है। करीब 3 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। प्रभावित लोगों के लिए 2,523 राहत शिविर बनाए गए हैं और 423 रेस्क्यू टीमें तैनात की गई हैं। तूफान के चलते रेलवे ने भी कई ट्रेनों को रद्द किया है। पूर्वी रेलवे ने 41 और दक्षिण पूर्व रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया है। इसके अलावा 29 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।
रायपुर में सामान्य से नीचे पहुंचा तापमान
मौसम विभाग के 19 नवंबर के आंकड़ों के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दुर्ग में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा। चक्रवात के असर से अगले कुछ समय तक प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ऐसे में बारिश, बिजली और तेज हवाओं के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।