NEW PUC RULES 2026. केंद्र सरकार ने वाहन चालकों को बड़ी राहत देते हुए पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट की वैलिडिटी में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत BS-6 मानक वाली गाड़ियों को अब बार-बार प्रदूषण जांच कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। खास बात यह है कि 6 साल तक पुरानी प्राइवेट BS-6 गाड़ियों का PUC सर्टिफिकेट अब 3 साल तक वैध रहेगा। वहीं, पुराने वाहनों के लिए नियम पहले से सख्त कर दिए गए हैं।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने 13 नवंबर को इन बदलावों को नोटिफाई किया है। ये नियम सेंट्रल मोटर व्हीकल (16वां संशोधन) रूल, 2026 के तहत लागू किए गए हैं। आइए जानते हैं कि आपकी गाड़ी के लिए नया PUC नियम क्या है।
BS-6 गाड़ियों को कितनी मिली राहत?
नए नियमों के मुताबिक, 6 साल तक पुरानी प्राइवेट BS-6 गाड़ियों को हर 3 साल में PUC सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा। वहीं, 6 से 10 साल पुरानी गाड़ियों के लिए इसकी वैलिडिटी 1 साल होगी। 10 साल से ज्यादा पुरानी BS-6 गाड़ियों को हर 6 महीने में प्रदूषण जांच करानी होगी।
कमर्शियल BS-6 वाहनों के लिए भी अलग समय-सीमा तय की गई है। 6 साल तक पुराने कमर्शियल वाहनों का PUC 2 साल तक वैध रहेगा। 6 से 10 साल पुराने वाहनों को हर साल और 10 साल से ज्यादा पुराने वाहनों को हर 6 महीने में सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा।
पुरानी गाड़ियों के लिए बढ़ी परेशानी, जानें नियम
BS-6 से पुराने मानकों वाली गाड़ियों के लिए सरकार ने PUC की वैलिडिटी कम कर दी है। BS-1, BS-2 और BS-3 वाहनों का सर्टिफिकेट केवल 3 महीने तक वैध रहेगा। वहीं, BS-4 वाहनों के लिए यह अवधि 6 महीने निर्धारित की गई है।
इसका मतलब है कि पुराने वाहन मालिकों को अब पहले के मुकाबले ज्यादा बार प्रदूषण जांच करानी होगी।
कितने समय तक वैध रहेगा आपका PUC सर्टिफिकेट?
- BS-1, BS-2 और BS-3: 3 महीने
- BS-4: 6 महीने
- BS-6 प्राइवेट (6 साल तक पुरानी): 3 साल
- BS-6 प्राइवेट (6 से 10 साल): 1 साल
- BS-6 प्राइवेट (10 साल से ज्यादा): 6 महीने
- BS-6 कमर्शियल (6 साल तक पुरानी): 2 साल
- BS-6 कमर्शियल (6 से 10 साल): 1 साल
- BS-6 कमर्शियल (10 साल से ज्यादा): 6 महीने
PUC रिन्यू कराने की तारीख का भी रखें ध्यान
नए नियमों में सर्टिफिकेट रिन्यू कराने के समय को लेकर भी स्पष्टता दी गई है। अगर वाहन मालिक मौजूदा PUC सर्टिफिकेट की एक्सपायरी से 10 दिन पहले नया सर्टिफिकेट बनवा लेता है, तो उसकी वैलिडिटी पुराने सर्टिफिकेट की समाप्ति के बाद से शुरू होगी। वहीं, एक्सपायरी के बाद नया PUC बनवाने पर उसकी वैलिडिटी उसी दिन से शुरू मानी जाएगी।
सरकार के ये नए नियम पूरे देश में लागू होंगे। हालांकि, ये दिल्ली में लागू विंटर पॉल्यूशन कंट्रोल प्लान से अलग हैं। ऐसे में वाहन मालिकों के लिए अपनी गाड़ी के BS मानक और उम्र के हिसाब से PUC की वैलिडिटी जानना बेहद जरूरी है।