RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में बिजली बिल बकायादारों को सरकार की ओर से दी गई राहत का लाभ नहीं उठाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अब बिजली कंपनी सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। मुख्यमंत्री समाधान योजना के तहत पुराने बिजली बिलों पर सरचार्ज माफ करने और मूल बकाया राशि में छूट देने के बावजूद करीब 7 लाख उपभोक्ताओं ने अब तक एक भी रुपया जमा नहीं किया है। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए 31 दिसंबर 2026 आखिरी तारीख तय की गई है। इसके बाद बकाया भुगतान नहीं करने वालों के बिजली कनेक्शन काटे जा सकते हैं।
20 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं पर था 2,421 करोड़ रुपये बकाया
मुख्यमंत्री समाधान योजना के तहत प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को राहत दी गई है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में करीब 20 लाख 50 हजार उपभोक्ताओं पर कुल 2,421 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया था। इनमें से 13 लाख 54 हजार उपभोक्ताओं को 797 करोड़ रुपये की छूट दी गई। इसमें 352 करोड़ रुपये मूल बकाया राशि और 445 करोड़ रुपये सरचार्ज शामिल था। इसके बावजूद बिजली कंपनी को अब तक अपेक्षित भुगतान नहीं मिला है। अभी भी करीब 1,500 करोड़ रुपये की राशि वसूल की जानी बाकी है। इसमें घरेलू उपभोक्ताओं के साथ निजी कंपनियों और सरकारी विभागों का बकाया भी शामिल है। योजना के तहत अब तक केवल 125 करोड़ 67 लाख रुपये ही जमा हो पाए हैं।
31 दिसंबर के बाद नहीं मिलेगी छूट
बिजली कंपनी ने बकायादारों को भुगतान के लिए अंतिम मौका दिया है। कंपनी के मुताबिक, बार-बार अपील करने के बावजूद बड़ी संख्या में उपभोक्ता बकाया जमा करने के लिए आगे नहीं आए। कई लोगों ने तो योजना के तहत अपना पंजीकरण तक नहीं कराया है। अब 31 दिसंबर 2026 के बाद योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इसके बाद बकाया राशि पर दोबारा सरचार्ज लगना शुरू हो जाएगा। साथ ही भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रीपेड बिजली व्यवस्था से पहले पुराना बकाया वसूलने की तैयारी
दरअसल, छत्तीसगढ़ में जल्द ही प्रीपेड बिजली व्यवस्था लागू करने की तैयारी चल रही है। रायपुर समेत कई शहरों में स्मार्ट मीटर लगाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। प्रीपेड सिस्टम लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को बिजली इस्तेमाल करने के लिए पहले रिचार्ज कराना होगा। इसी वजह से बिजली कंपनी पुराने बकाया बिलों का हिसाब साफ करना चाहती है। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 31 दिसंबर 2026 से पहले बकाया राशि जमा कर दें। तय समय तक भुगतान नहीं करने पर नए साल में बिजली कनेक्शन कटने की कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। कनेक्शन कटने के बाद उसे दोबारा जुड़वाने के लिए अलग से शुल्क भी देना होगा।