BALODABAZAR NEWS. छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दिवाली की खुशियां मनाने के लिए बाजार निकले एक परिवार की जिंदगी रास्ते में ही उजड़ गई। कोयले से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता और उनके दो मासूम बच्चों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा बलौदाबाजार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के रवान गांव के पास हुआ। खैरताल निवासी रामचंद्र ध्रुव अपनी बेटी और बेटे के साथ दिवाली की खरीदारी करने बलौदाबाजार आए थे। बाजार में खरीदारी करने के बाद तीनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान रवान गांव के पास कोयले से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामचंद्र ध्रुव और उनके दोनों बच्चों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में तीनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक लेकर फरार हुआ चालक
घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं
जिस परिवार के लिए दिवाली की खरीदारी खुशियों का मौका थी, उसी परिवार पर कुछ ही पलों में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता अपने दोनों बच्चों के साथ घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने तीनों की जिंदगी छीन ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।