RAIPUR NEWS. रायपुर कमिश्नरेट के देवेंद्र नगर थाने में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। थाने की कस्टडी में रखा गया एक आदतन अपराधी दिनदहाड़े पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी बाथरूम जाने के बहाने पुलिस हिरासत से भाग निकला। घटना के बाद थाना प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कौन है फरार आरोपी?
फरार आरोपी की पहचान रोहित पाडे उर्फ सन्नी के रूप में हुई है। वह आदतन अपराधी और निगरानीशुदा बदमाश बताया जा रहा है। आरोपी आशीष शिंदे का करीबी भी बताया जाता है। जानकारी के मुताबिक, रोहित पाडे ने अभिषेक सागर की जांघ पर चाकू से तीन वार कर गंभीर चोट पहुंचाई थी। चाकूबाजी की इस घटना के बाद वह करीब दो महीने से फरार था। देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने आज दोपहर करीब 1:30 बजे उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन गिरफ्तारी के कुछ ही देर बाद वह बाथरूम जाने के बहाने पुलिस कस्टडी से फरार हो गया।
2025 में भी चाकूबाजी की घटना में आया था नाम
बताया जा रहा है कि वर्ष 2025 में रायपुर न्यायालय परिसर के गेट नंबर-3 के बाहर हुई चाकूबाजी की घटना में भी रोहित पाडे का नाम सामने आया था।
लापरवाही या मिलीभगत? थाने की व्यवस्था पर उठे सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि दो महीने से फरार चल रहा आरोपी गिरफ्तारी के कुछ ही घंटे बाद थाने की कस्टडी से कैसे भाग निकला? क्या यह पुलिसकर्मियों की गंभीर लापरवाही है या फिर आरोपी को भगाने में किसी की मिलीभगत है? दीपावली के ठीक पहले थाने से आरोपी के इस तरह फरार होने की घटना ने थाने की व्यवस्था और हिरासत में रखे गए आरोपियों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।