INDORE NEWS. मध्य प्रदेश के इंदौर में कन्याभोज के लिए आमंत्रित सात बच्चियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। एबी रोड स्थित शहनाई रेसीडेंसी में रहने वाली एक शिक्षिका पर बच्चियों पर 500 रुपये चोरी करने का आरोप लगाने, उन्हें कमरे में बंद करने, मारपीट करने और कपड़े उतरवाकर तलाशी लेने के आरोप लगे हैं। घटना के बाद बच्चियां रोते हुए थाने पहुंचीं और परिजनों के साथ शिक्षिका के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिक्षिका को हिरासत में लिया है।
कन्याभोज के लिए बुलाया, फिर चोरी का आरोप
एमजी रोड थाना प्रभारी सीबी सिंह के अनुसार, शहनाई रेसीडेंसी के फ्लैट नंबर 303 में रहने वाली अनिता मोहता ने विजयादशमी के अवसर पर नया बसेरा क्षेत्र की सात बच्चियों को कन्याभोज के लिए आमंत्रित किया था। आरोप है कि इसी दौरान अनिता ने बच्चियों पर 500 रुपये चोरी करने का संदेह जताया। बच्चियों द्वारा चोरी की बात स्वीकार नहीं करने पर विवाद बढ़ गया। शिकायत के मुताबिक, शिक्षिका ने बच्चियों को कमरे में बंद कर दिया और उनके साथ मारपीट की।
कपड़े उतरवाकर तलाशी लेने का भी आरोप
बच्चियों के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि शिक्षिका ने बच्चियों को कमरे में बंद रखने के साथ उनके साथ मारपीट की। परिजनों का यह भी आरोप है कि बच्चियों के कपड़े उतरवाकर उनकी तलाशी ली गई। घटना के बाद बच्चियां रोते हुए थाने पहुंचीं। जानकारी मिलने पर उनके परिजन भी आक्रोशित हो गए और बच्चियों को लेकर पुलिस के पास पहुंचे। उन्होंने शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिक्षिका को हिरासत में लिया
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने अनिता मोहता को थाने बुलाया और हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी के मुताबिक, अनिता एक शासकीय स्कूल में शिक्षिका हैं। जिन बच्चियों ने उनके खिलाफ मारपीट के आरोप लगाए हैं, उस स्कूल में अनिता करीब 12 साल तक पढ़ा चुकी हैं। फिलहाल पुलिस ने बच्चियों के परिजनों की मांग पर अदमचेक काटा है।