JASHPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं, ऋषि-मुनियों और धार्मिक ग्रंथों को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने के मामले में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 52 वर्षीय हेमंत कुमार बेदी के रूप में हुई है, जो बगीचा ब्लॉक के कूदमुरा स्थित माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त कर लिया है। अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
VHP की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत 17 अक्टूबर को हुई, जब विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह ने कुनकुरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उन्होंने फेसबुक पर हेमंत बेदी नाम के खाते से एक आपत्तिजनक पोस्ट देखी थी।
शिकायत के मुताबिक, पोस्ट में ‘रावण नहीं, ऋषि-मुनियों को जलाओ’ जैसी टिप्पणी के साथ हिंदू देवी-देवताओं, ऋषि-मुनियों और धार्मिक ग्रंथों को लेकर कथित रूप से अशोभनीय बातें लिखी गई थीं। शिकायतकर्ता का कहना था कि इस सामग्री से धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।
धार्मिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका जताते हुए विश्व हिंदू परिषद ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी, दौड़कर पकड़ा
जांच के दौरान कुनकुरी थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद विवेचना अधिकारी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराने आरोपी के पास पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक, टीम को सामने देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर अपने फेसबुक अकाउंट से पोस्ट साझा करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने पोस्ट साझा करने में इस्तेमाल किया गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और उसमें लगा जियो सिम कार्ड जब्त कर लिया। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
BNS की धारा 199 और 299 के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 199 और 299 के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
SSP की चेतावनी- धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म या आस्था के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना गंभीर मामला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज में वैमनस्य फैलाने या धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।