CHHATTISGARH NEWS. प्रदेश में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोंडागांव और बलौदाबाजार में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में छह युवकों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। कोंडागांव में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की जान चली गई। वहीं, नेशनल हाईवे-30 पर ढाबे से खाना लेकर लौट रहे एक युवक की अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से मौत हो गई। उधर, बलौदाबाजार में तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक में जा घुसी, जिसमें बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
कोंडागांव: दो बाइकों की टक्कर में दो युवकों की मौत, तीन घायल
कोंडागांव के सिटी कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर दहीकोंगा के पास 14 अक्टूबर की देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान काकड़ाबेड़ा निवासी 25 वर्षीय आयतु राम मंडावी और नारायणपुर जिले के सुलेंगा निवासी 18 वर्षीय अमित बेसरा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आयतु राम मंडावी अपने साथियों के साथ काकड़ाबेड़ा लौट रहे थे। वहीं, नारायणपुर जिले के कोलियाभाटा निवासी 17 वर्षीय मोहन नेताम अपने साथी अमित बेसरा के साथ नारायणपुर से बेहड़ा जा रहे थे। इसी दौरान दहीकोंगा के पास दोनों बाइकों की टक्कर हो गई।
घायलों को जिला अस्पताल कोंडागांव में भर्ती कराया गया। अस्पताल में पदस्थ डॉ. सोनाली मित्रा के मुताबिक, पांच लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें दो को मृत घोषित कर दिया गया। घायलों में एक की हालत गंभीर है, जबकि दो अन्य का इलाज जारी है।
कोंडागांव: ढाबे से खाना लेकर लौट रहे युवक की मौत
दूसरा हादसा सिटी कोतवाली क्षेत्र में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात हुआ। डीएनके निवासी 24 वर्षीय कृष्णा समरथ दूधगांव स्थित ढाबे से खाना पार्सल लेकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात भारी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में कृष्णा के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, डायल 112 और हाईवे एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को मर्चुरी में रखवाया है। फिलहाल अज्ञात वाहन की पहचान करने और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
बलौदाबाजार: खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बाइक, तीन की मौत
तीसरा दर्दनाक हादसा बलौदाबाजार जिले में हुआ। पलारी थाना क्षेत्र के घोटिया मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक नवरात्रि के अवसर पर पलारी जा रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की जान चली गई।