Janjgir-Champa News: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह ने शादी का विज्ञापन देकर 53 वर्षीय व्यक्ति को अपने जाल में फंसाया और उससे 5.65 लाख रुपये ऐंठ लिए। मामले में पुलिस ने चार महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, नवागढ़ निवासी 53 वर्षीय रेशम लाल साहू शादी के विज्ञापन के जरिए आरोपियों के संपर्क में आए थे। इस दौरान एक युवती ने अपना नाम पदमा बताया और खुद को महासमुंद के सरकारी अस्पताल में नर्स बताया। धीरे-धीरे उसने रेशम लाल से संपर्क बढ़ाया और अलग-अलग बहाने बनाकर उनसे पैसे लेने लगी।
कभी बीमारी तो कभी हादसे का बहाना बनाकर ऐंठे पैसे
आरोप है कि युवती ने कभी अपनी मां के इलाज, कभी खुद की बीमारी, तो कभी दुर्घटना का हवाला देकर रेशम लाल से रुपये लिए। बाद में मां की मौत का बहाना बनाकर भी पैसे मांगे गए। इस तरह उनसे कुल 5.65 लाख रुपये ले लिए गए।
जब रेशम लाल साहू को संदेह हुआ कि उनसे शादी के नाम पर केवल पैसे लिए जा रहे हैं, तो उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी। लेकिन पैसे वापस नहीं मिलने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर पुलिस की जांच में सामने आया मामला
शिकायत मिलने के बाद जांजगीर पुलिस के साइबर थाना ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई। इस मामले में साइबर थाना में अपराध क्रमांक 10/26 दर्ज किया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं और एक पुरुष समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूमिका रंगारी, नसीम बानो, तय्यबा बान, शायना बानो और रोहित कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। सभी आरोपी राजनांदगांव क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
एक महिला के खिलाफ पहले भी दर्ज है शिकायत
पुलिस के मुताबिक, भूमिका रंगारी के खिलाफ शादी के नाम पर ठगी से जुड़ी अन्य शिकायतें भी दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज शिकायतों और इस गिरोह की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल, सभी पांच आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।