BALOD NEWS. छत्तीसगढ़ के बालोद में युवती पर हुए सनसनीखेज एसिड अटैक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, इस हमले की साजिश युवती के कथित बॉयफ्रेंड यश कुमार सोनकर ने रची थी, जबकि उसके कहने पर करण कुंजाम ने युवती पर एसिड फेंका। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में यश कुमार सोनकर ग्राम नेवारीकला, जिला बालोद का रहने वाला है, जबकि दूसरा आरोपी करण कुंजाम भैरमगढ़, जिला बीजापुर का निवासी है।
तीन महीने पहले बनाई थी साजिश
जांच में सामने आया है कि यश सोनकर का पीड़ित युवती के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवती द्वारा किसी अन्य जगह अफेयर और शादी के लिए कथित तौर पर स्वीकार नहीं किए जाने से यश नाराज था। इसी गुस्से में उसने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल फ्रेंड करण कुंजाम के साथ मिलकर युवती पर एसिड फेंकने की योजना बनाई थी।
लाइब्रेरी से घर लौटते समय किया हमला
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर की दोपहर युवती लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान यश सोनकर के कहने पर करण कुंजाम ने युवती पर एसिड फेंक दिया। हमले के बाद करण तत्काल मौके से फरार हो गया और झलमला व मरकाटोला होते हुए चारामा की ओर निकल गया।
एसिड हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया।
पीड़िता के पिता पुलिस विभाग में आरक्षक
इस घटना की जानकारी मिलते ही बालोद पुलिस सक्रिय हो गई। खास बात यह है कि पीड़ित युवती के पिता बालोद पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच की कमान खुद संभाली और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसिड कहां से आया, इसकी भी जांच
पुलिस अब हमले में इस्तेमाल किए गए रासायनिक केमिकल की भी जांच कर रही है। यह केमिकल कितना खतरनाक है और आरोपियों तक यह कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।