SURAJPUR NEWS. आधुनिक दौर में भी अंधविश्वास के नाम पर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर इलाके के परशुरामपुर गांव में ऐसी ही एक घटना ने लोगों को झकझोर दिया। यहां जमीन से जुड़े विवाद के बीच एक 40 वर्षीय महिला को कथित तौर पर टोनही बताकर बेरहमी से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि 3 अक्टूबर की सुबह महिला अपने घर के सामने काम कर रही थी। इसी दौरान पड़ोस की चार महिलाएं वहां पहुंचीं और उसके साथ गाली-गलौज करने लगीं। आरोप है कि महिलाओं ने पीड़िता को टोनही कहते हुए उसके बाल पकड़कर घसीटा और उसके साथ मारपीट की।
आरोपियों की कथित बर्बरता यहीं नहीं रुकी। उन्होंने महिला को उसकी ही साड़ी से आम के पेड़ से बांध दिया और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।
घटना की जानकारी मिलते ही रामानुजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने मामले में धननतिया, सोमरत, नन्नी बाई और सुंती नाम की चार महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में घटना के पीछे जमीन से जुड़ा विवाद और अंधविश्वास सामने आने की बात कही जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।