BALRAMPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के करौंधा में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 18 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा उस वक्त हुआ, जब एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। बताया जा रहा है कि वाहन में एक ही परिवार के कई लोग सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, परिवार के लोग घर की पुताई के लिए छुई मिट्टी लेने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए पहुंचकर पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पिकअप वाहन आखिर किस वजह से अनियंत्रित हुआ। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।